HomeNEWSदिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष बनीं लता गुप्ता, मुख्यमंत्री से की...

दिल्ली महिला आयोग की नई अध्यक्ष बनीं लता गुप्ता, मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट

महिला आयोग का पुनर्गठन, पांच नई सदस्यों की नियुक्ति; महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को मिलेगा नया बल

  • नेहा पाठक

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने दिल्ली महिला आयोग का पुनर्गठन करते हुए लता गुप्ता को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके साथ श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, संरक्षिका शर्मा झा और रेनू भल्ला को आयोग का सदस्य बनाया गया है। नई नियुक्तियों के बाद आयोग की टीम ने मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट भी की।

दिल्ली सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, महिला आयोग का पुनर्गठन महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सरकार को उम्मीद है कि नई अध्यक्ष और सदस्य महिलाओं के हितों की सुरक्षा, जागरूकता कार्यक्रमों के संचालन तथा महिला कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान नवनियुक्त अध्यक्ष लता गुप्ता तथा सदस्य लता सोढ़ी, श्याम बाला, मालती वर्मा, रेनू भल्ला और संरक्षिका शर्मा झा ने नई जिम्मेदारियों के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संस्था है और नई टीम इस दिशा में प्रभावी कार्य करेगी।

सरकार ने विश्वास जताया कि आयोग महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए उन्हें न्याय दिलाने, जागरूकता बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई पहल करेगा। नई टीम के गठन से दिल्ली में महिला सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments