छात्रों के सर्वांगीण विकास एवं शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने पर जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आगामी दीक्षांत समारोह से पूर्व आयोजित किए जा रहे दीक्षोत्सव कार्यक्रमों के अंतर्गत खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।
खेलकूद आयोजनों में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के साथ-साथ ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स, दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसे लोकप्रिय खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा दीक्षोत्सव के दौरान भारतीय एवं क्षेत्रीय पारंपरिक खेलों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभागी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के प्रति प्रेरित करना है। ऐसे आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।


