बंदियों एवं कारागार कर्मियों को योग के प्रति किया गया जागरूक
- अमित तिवारी
सिद्धार्थनगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला कारागार सिद्धार्थनगर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों एवं कारागार कर्मियों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
योग प्रशिक्षण का संचालन योग प्रशिक्षक सविता चतुर्वेदी एवं राजेश गुप्ता द्वारा किया गया। प्रशिक्षकों ने उपस्थित बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा नियमित योगाभ्यास के लाभों की विस्तार से जानकारी दी।


प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक तनाव को कम कर आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक संतुलन बेहतर होता है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक सचिन वर्मा ने योग को दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए सभी को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और इसके माध्यम से शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, अजीत चंद एवं महेश कुमार के साथ चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अश्विनी कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।


