HomeNEWSधनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी ने की समीक्षा,...

धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की निगरानी, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने पर जोर

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर परिक्षेत्र के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं प्रभारी निरीक्षकों तथा थानाध्यक्षों के साथ विस्तृत समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा गोष्ठी में एडीजी ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत रखा जाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर विशेष जोर

एडीजी ने साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के साथ ही वांछित और पुरस्कार घोषित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर रखें नजर

गोष्ठी के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का प्रभावी पर्यवेक्षण करें। साथ ही आमजन से संवाद एवं समन्वय बनाए रखें, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

एडीजी ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

इस समीक्षा गोष्ठी में पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर यमुना प्रसाद भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments