HomeNEWSनवप्रवेशित विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

इतिहास विभाग में श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर आयोजित कार्यक्रम, प्रकृति और भारतीय संस्कृति के संबंध पर हुआ मंथन

  • अमित कुमार

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों द्वारा विभाग परिसर स्थित उद्यान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें संस्थान से भावनात्मक रूप से जोड़ना रहा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मनोज दीक्षित ने कहा कि प्राचीन भारतीय समाज ने सदैव प्रकृति और मनुष्य के बीच गहरे संबंधों को समझा है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों को केवल उपयोगिता की वस्तु नहीं, बल्कि जीवनदाता, देवतुल्य और लोककल्याणकारी माना गया है। उन्होंने बताया कि पुराणों में पीपल, वट, अशोक, बेल, आंवला और नीम जैसे वृक्षों के रोपण को अत्यंत पुण्यदायी बताया गया है।

इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मेघना शर्मा ने कहा कि भारतीय इतिहास में पर्यावरण संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। मौर्यकालीन शिलालेखों और स्तंभलेखों में सड़कों के किनारे छायादार वृक्ष लगवाने, यात्रियों के लिए कुएं खुदवाने तथा औषधीय पौधों के रोपण का उल्लेख मिलता है। उन्होंने बताया कि कौटिल्य के अर्थशास्त्र में वन संपदा के संरक्षण तथा अवैध कटाई पर दंड का भी प्रावधान वर्णित है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पीपल को विष्णु, वट को ब्रह्मा तथा तुलसी को लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है, जो प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय और विभाग से भावनात्मक रूप से जोड़ना तथा उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

कार्यक्रम में विभाग के अतिथि शिक्षक डॉ. मुकेश हर्ष, डॉ. गोपाल व्यास, रिंकू जोशी, भगवान दास सुथार, डॉ. संजना चौधरी एवं सुशीला बिश्नोई उपस्थित रहे। आयोजन में बजरंग कलवानी और उमेश पुरोहित का विशेष सहयोग रहा।

विद्यार्थियों में कार्तिक शर्मा, सोहनलाल कुम्हार, ट्विंकल बीका, भीखाराम सुथार, गरिमा व्यास, अजीत सियाग, मूमल कंवर, अरविंद सिंह भाटी, नेहा सलमान, तुषार गहलोत सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments