HomeNEWSभाजपा सरकार पर बरसीं सांसद डिंपल यादव, राम मंदिर चंदे और छात्र...

भाजपा सरकार पर बरसीं सांसद डिंपल यादव, राम मंदिर चंदे और छात्र कार्रवाई पर उठाए सवाल

सांसद ने भ्रष्टाचार, छात्र उत्पीड़न और महिलाओं को निशाना बनाए जाने का लगाया आरोप

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी की मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता सरकार से निराश और नाराज है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर से जुड़े चंदे, जमीन और अन्य मामलों में हुए कथित भ्रष्टाचार के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।

संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान डिंपल यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के चरणों में जो गुप्तदान, चढ़ावा और दान राशि अर्पित की थी, उसका हिसाब जनता जानना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह धन आखिर कहां गया और किन संस्थाओं या संगठनों के संचालन में इसका उपयोग किया जा रहा है।

सपा सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा पूरे देश पर थोपी जा रही है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के युवाओं ने इस सोच का विरोध किया है, जिसके कारण सरकार छात्रों और विशेष रूप से छात्राओं के साथ कठोर व्यवहार कर रही है।

डिंपल यादव ने कहा कि आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया था कि किसी भी छात्र या छात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी, लेकिन बाद में मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने इसे सरकार द्वारा अपने वादे से पीछे हटना और छात्रों के साथ धोखा बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन छात्रों को अदालत से राहत मिल चुकी है, उनके खिलाफ अब भी कार्रवाई की जा रही है तथा 14-15 वर्ष की छात्राओं पर माफी मांगने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाबालिग बेटियों और उनके परिवारों को निशाना बनाया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बच्चों और महिलाओं के साथ अन्याय कर रही है तथा समाज को एक विशेष विचारधारा के अनुरूप चलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए सरकार से अपने वादों का पालन करने और छात्रों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments