नहीं रहे मुकुल रॉय: टीएमसी के संस्थापक सदस्य और पूर्व रेल मंत्री का निधन

- समय टुडे डेस्क।
वरिष्ठ राजनेता, पूर्व रेल मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के संस्थापक सदस्यों में शामिल मुकुल रॉय का सोमवार तड़के कोलकाता के सॉल्ट लेक स्थित अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे शुभ्रांशु रॉय ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 1:30 बजे दिल का दौरा पड़ा।
मुकुल रॉय लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति से दूर थे। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
गौरतलब है कि 11 जून 2021 को मुकुल रॉय और उनके बेटे शुभ्रांशु रॉय पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में दोबारा टीएमसी में शामिल हुए थे। इससे पहले वे 2017 में पार्टी छोड़कर भाजपा में गए थे और 2019 से 2021 तक भाजपा के साथ रहे।
भाजपा नेता दिलीप घोष ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अनुभवी राजनीतिज्ञ बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए और भाजपा में अपने कार्यकाल के दौरान मुकुल रॉय को काफी सम्मान मिला। उन्होंने दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वहीं भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त की और परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की।
मुकुल रॉय राज्यसभा सांसद और रेल मंत्री रह चुके थे तथा तृणमूल कांग्रेस के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्होंने कृष्णानगर उत्तर सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि चुनाव के बाद वे अपने बेटे के साथ फिर से टीएमसी में लौट आए थे।



