
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने ‘क्षय मुक्त भारत’ अभियान के प्रति जताई प्रतिबद्धता
- अमित कुमार
झाँसी। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर निक्षय मित्र योजना के अंतर्गत बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा-भाव का परिचय देते हुए क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित मरीजों को पोषण सामग्री वितरित की।
यह पहल उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई। विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारियों ने निक्षय मित्र के रूप में ‘क्षय मुक्त भारत’ के संकल्प की दिशा में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

विश्वविद्यालय परिवार की ओर से किए गए इस प्रयास का उद्देश्य टीबी से प्रभावित मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने के साथ उनके प्रति सामाजिक संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। टीबी से पीड़ित मरीजों को बीमारी के साथ-साथ कई सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में सामुदायिक सहयोग उनके लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि एक विश्वविद्यालय केवल शिक्षा और ज्ञान का केंद्र नहीं होता, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाला संस्थान भी होता है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध के साथ सामाजिक सरोकारों, जन-जागरूकता, स्वास्थ्य तथा सामुदायिक सेवा से जुड़े प्रयासों में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
निक्षय मित्र के रूप में विश्वविद्यालय परिवार की यह पहल जरूरतमंद मरीजों के प्रति सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को रेखांकित करती है। ऐसे सामुदायिक प्रयासों के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाने पर जोर दिया गया।


