
जेवर एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले किसानों से लखनऊ में किया आत्मीय संवाद, प्रदेशवासियों को दी बधाई
अनुराधा सिंह
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और देश के अन्नदाता किसानों के योगदान का ही परिणाम है कि आज भारत की सबसे संभावनाशील परियोजनाओं में शामिल नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से कमर्शियल उड़ानों का शुभारंभ हुआ है।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक अवसर पर हवाई अड्डे के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले किसान बहनों और भाइयों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। पहली उड़ान के माध्यम से लखनऊ पहुंचे किसानों का स्वागत करते हुए उन्होंने उनसे आत्मीय संवाद भी किया।

उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट केवल एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूरे प्रदेश के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और वैश्विक संपर्क का नया द्वार है। यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी और निवेश की संभावनाओं को भी बढ़ाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के अनुरूप विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी तथा धीरेन्द्र सिंह का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही उन्होंने भूमि उपलब्ध कराने वाले अन्नदाता किसानों का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान को प्रदेश के विकास की आधारशिला बताया।


