
मर्चेन्ट चैम्बर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना रहे मुख्य अतिथि, आशा की किरण फाउंडेशन के कार्यों की हुई सराहना
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। सिविल लाइन्स स्थित मर्चेन्ट चैम्बर हॉल में आयोजित ‘मुस्कान उत्सव 2026’ कार्यक्रम में समाजसेवा और जरूरतमंद बच्चों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘आशा की किरण फाउंडेशन’ द्वारा किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों ने संस्था द्वारा जरूरतमंद बच्चों के जीवन में शिक्षा, सहयोग और आशा का संचार करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

वक्ताओं ने कहा कि ‘मुस्कान उत्सव 2026’ केवल एक सांस्कृतिक या सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरणादायी अभियान है। संस्था द्वारा वंचित और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां और नई उम्मीदें लाने का कार्य सराहनीय एवं अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में फाउंडेशन से जुड़े पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के योगदान की भी प्रशंसा की गई। विशेष रूप से विपुल जैन और उनकी टीम को सामाजिक दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित अतिथियों ने संस्था के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर विजय कपूर, महेन्द्र कटारिया, देवेन्द्र डंग, शिवांग मिश्रा, कमलेश गुप्ता, पंकज गुप्ता, अरुण जैन, प्रवीण विज, ऋषभ जैन, अधिवक्ता संजीव कपूर, वैष्णवी सक्सेना, राहुल सोनी, वीरेन्द्र गुलाटी, अचिन अरोड़ा, शरद शर्मा, प्रमोद पाण्डेय, अनूप जैन, आमोद जैन, मयंक विज सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता और मुस्कान पहुंचाने के संकल्प को ही सच्ची सेवा बताते हुए सभी उपस्थितजनों ने सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।


