HomeNEWSनोएडा बना निवेश और उद्योग का नया केंद्र, 2,479 करोड़ की परियोजनाओं...

नोएडा बना निवेश और उद्योग का नया केंद्र, 2,479 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

एमएसएमई दिवस पर मुख्यमंत्री योगी ने विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया, निवेश और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर

  • आशा चौधरी

गौतमबुद्ध नगर। अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर नोएडा में आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के चतुर्थ संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और मार्गदर्शन के कारण आज गौतमबुद्ध नगर देश का प्रमुख निवेश केंद्र बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। नोएडा और गौतमबुद्ध नगर देश-विदेश के निवेशकों के लिए सबसे पसंदीदा गंतव्य बनकर उभरे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नोएडा और दादरी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 2,479 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें नोएडा प्राधिकरण का मुख्य प्रशासनिक भवन सहित कई आधारभूत एवं जनहित की परियोजनाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट, चेक एवं प्रशस्ति-पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जन्मदिन, त्योहार और अन्य मांगलिक अवसरों पर स्थानीय उत्पादों को उपहार के रूप में अपनाना चाहिए। इससे स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड काल में जब पूरी दुनिया आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही थी, उस समय उत्तर प्रदेश का एमएसएमई क्षेत्र लगातार कार्य करता रहा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिनमें 3.25 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है।

उन्होंने कहा कि देश में लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है, जो प्रदेश की औद्योगिक ताकत को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नोएडा में फिल्म सिटी, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे प्रदेश को औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से नई पहचान मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान गौतमबुद्ध नगर में एसएईएल के इंटीग्रेटेड सोलर मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र का शिलान्यास भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रत्येक निवेशक की सुरक्षा, सम्मान और प्रोत्साहन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह निवेश विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ एम्बर एवं एसेंट-के सर्किट्स की ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में होने वाला यह निवेश प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का नया आधार बनेगा और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत-2047 के लक्ष्य को गति प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने सभी निवेशकों, उद्यमियों, लाभार्थियों और जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आने वाले समय में देश की सबसे बड़ी औद्योगिक और निवेश अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments