पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। थाना पनकी क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया साइट-2 स्थित एक ऑयल सीड मील में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मील में कुल सात कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से तीन बाहर चले गए थे, जबकि चार कर्मचारी अंदर काम कर रहे थे।
रात में भोजन करने के बाद चारों कर्मचारियों ने कमरे में कोयला जलाकर भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। कमरे में वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था नहीं थी। कोयला जलने से उत्पन्न कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का प्रभाव उन्हें महसूस नहीं हुआ और गैस इनहेल करते हुए वे नींद में ही बेहोश हो गए। सुबह साथी कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन वह अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलने पर चारों कर्मचारी मृत अवस्था में पाए गए।
घटना की फॉरेंसिक जांच पूरी कर ली गई है और पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। प्रशासन ने फैक्ट्री मालिकों से अपील की है कि मृतकों के परिजनों को यथासंभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।



