HomeNEWSपांडु नदी पर निर्माणाधीन सचौली घाट सेतु का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

पांडु नदी पर निर्माणाधीन सचौली घाट सेतु का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

नवंबर तक आवागमन शुरू कराने का लक्ष्य, डिफेंस कॉरिडोर की कनेक्टिविटी को मिलेगा लाभ

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील नरवल क्षेत्र स्थित पांडु नदी पर निर्माणाधीन सचौली घाट सेतु का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नवंबर माह तक सेतु पर आवागमन प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पांडु नदी पर बन रहा यह सेतु क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा औद्योगिक, व्यापारिक एवं स्थानीय आवागमन को नई गति मिलेगी। इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि भूमि संबंधी कुछ समस्याओं के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है, लेकिन इसके बावजूद सेतु निगम द्वारा कार्य में तेजी लाते हुए नवंबर तक सेतु पर यातायात शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में उपयोग में आ रहा पुराना पुल जर्जर एवं जोखिमपूर्ण स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नए सेतु का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।

उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। साथ ही वैकल्पिक मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक सहयोग और सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

उल्लेखनीय है कि विकासखंड भीतरगांव क्षेत्र के सचौली घाट के निकट पांडु नदी पर लगभग 15.28 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन क्षमता वाले सेतु एवं सुरक्षात्मक कार्यों का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना पूर्ण होने के बाद डिफेंस कॉरिडोर, घाटमपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में महत्वपूर्ण सुधार होगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना अधिकारी एस.के. सुमन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments