HomeNEWS‘पागल’ कहने पर नशे में धुत युवकों का चढ़ा पारा, स्कूटी से...

‘पागल’ कहने पर नशे में धुत युवकों का चढ़ा पारा, स्कूटी से कुचलकर कबाड़ बीनने वाले की हत्या

कथित सड़क हादसे की 20 घंटे में खुली परतें, CCTV और सिगरेट के सुराग से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। स्वरूपनगर थाना क्षेत्र में कथित सड़क हादसे के रूप में सामने आई कबाड़ बीनने वाले व्यक्ति की मौत की घटना की गुत्थी पुलिस ने करीब 20 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। हिडेन लाउंज के पास मिले शव की स्थिति संदिग्ध होने पर पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला कथित हत्या की ओर बढ़ गया। CCTV फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने पुलिस की जांच की दिशा बदल दी।

पुलिस के अनुसार, भोर के समय हिडेन लाउंज के पास स्कूटी सवार दो युवकों का कबाड़ बीनने वाले व्यक्ति से विवाद हुआ। आरोप है कि युवकों ने नशे की हालत में व्यक्ति के साथ मारपीट की। कथित तौर पर ‘पागल’ कहे जाने से नाराज युवकों ने स्कूटी से उसे कई बार टक्कर मारी और गंभीर रूप से घायल कर दिया। चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV फुटेज से खुला घटनाक्रम

घटना संदिग्ध लगने पर स्वरूपनगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। केडीए चौकी प्रभारी संकित तौंगड़, उपनिरीक्षक आकाश नायक और कांस्टेबल विनीत गुर्जर ने जांच करते हुए संदिग्धों की पहचान की दिशा में काम किया।

जांच के दौरान मौके और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों के साथ सिगरेट भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग बनी। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस संदिग्ध युवकों तक पहुंची।

20 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने करीब 20 घंटे के भीतर आयुष और आशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात के दौरान कथित रूप से बनाई गई वीडियो क्लिप बरामद की गई है।

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। विवाद की वास्तविक वजह, दोनों आरोपियों की भूमिका और बरामद डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का घटना से संबंध जैसे बिंदुओं की जांच की जा रही है।

हादसा समझे जाने वाले मामले ने लिया हत्या का रूप

शुरुआत में घटना सड़क हादसे जैसी प्रतीत हुई थी, लेकिन शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। इसके बाद CCTV फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामले की दिशा बदली।

एक मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कथित तौर पर जानलेवा हमले में बदल गया। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का विस्तृत खुलासा आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान किए जाने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments