पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
- राहुल दीक्षित
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में सैनिक सम्मेलन आयोजित कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की सेवा संबंधी समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे पुलिसकर्मी बेहतर कार्य वातावरण में अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर जनपद की अपराध स्थिति एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान तेज करने, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार बनाए रखने में कोई शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


