पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। आज दिनांक 17 दिसंबर 2025 को पुलिस आयुक्त कानपुर नगर महोदय की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में शहर में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान थाना प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस आयुक्त द्वारा मित्र पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नागरिकों के साथ नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने, आम जनता से संवाद बढ़ाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही अवैध शराब की बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, गैंगस्टर, गुंडा एवं नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

पुलिस आयुक्त ने सीज किए गए वाहनों के शीघ्र निस्तारण, लंबित अभियोजन कार्यों में तेजी लाने तथा विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, जिससे न्यायिक प्रक्रिया को गति मिल सके और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।



