अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण एवं प्रभावी पुलिसिंग के दिए निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने 11 जून 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे थाना कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात तथा थाना परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
पुलिस आयुक्त ने थाने में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा सीसीटीएनएस कक्ष का भी निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, रिकॉर्ड की अद्यतन स्थिति एवं थाना स्तर पर संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण में प्रभावी कार्रवाई करने तथा जनता के प्रति जवाबदेह और संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और जनविश्वास बनाए रखने के लिए थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है।


