HomeNEWSसीएसजेएम विश्वविद्यालय में ‘मेडिकल इक्विपमेंट बैंक’ का शुभारंभ, जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं...

सीएसजेएम विश्वविद्यालय में ‘मेडिकल इक्विपमेंट बैंक’ का शुभारंभ, जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की अनूठी पहल

डॉ. बिंदु सिंह की प्रेरणा से शुरू हुई पहल, चिकित्सा उपकरणों के संग्रह, पुनः उपयोग एवं वितरण के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा लाभ

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज में “मेडिकल इक्विपमेंट बैंक” एवं मेडिकल उपकरण दान कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। सामाजिक सरोकारों से जुड़ी इस अभिनव पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों तक आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

यह महत्वपूर्ण पहल एआईडब्ल्यूडीटीएस (AIWDTS) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की प्रदेश समन्वयक डॉ. बिंदु सिंह की प्रेरणा एवं अवधारणा पर आधारित है, जिसे नीमा वूमेन फोरम, कानपुर के सहयोग से मूर्त रूप दिया गया है। कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में नीमा वूमेन फोरम कानपुर की अध्यक्ष डॉ. नीरजा दुबे, सचिव डॉ. वंदना पाठक, कोषाध्यक्ष डॉ. प्रतिमा गुप्ता, स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी, वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. निरंकार गोयल, एसोसिएट डीन (प्रशासन) डॉ. दिग्विजय शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रवीण कटियार सहित अनेक शिक्षाविद, चिकित्सक एवं विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल इक्विपमेंट बैंक समाज के उन लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा, जो महंगे चिकित्सा उपकरण खरीदने में सक्षम नहीं हैं। इस पहल के माध्यम से व्हीलचेयर, वॉकर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, अस्पताल बेड सहित अन्य उपयोगी चिकित्सा उपकरणों का संग्रह, संरक्षण एवं जरूरतमंदों तक वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि तकनीक, पारदर्शिता और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे चिकित्सा उपकरणों का व्यवस्थित संग्रह, पुनः उपयोग और वितरण सुनिश्चित हो सके। इससे न केवल संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा, बल्कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता भी उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम के अंत में इस सामाजिक पहल से जुड़े सभी चिकित्सकों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की गई। उपस्थित लोगों ने इस अभियान को समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताते हुए इसके व्यापक विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments