अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी की अध्यक्षता में 16 सितंबर 2026 को पश्चिम जोन कार्यालय, गुरुदेव चौराहा, कमिश्नरेट कानपुर नगर में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम, सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर, बिल्हौर एवं पनकी समेत पश्चिम जोन के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
गोष्ठी के दौरान पूर्व में घटित अपराधों और उनके अनावरण की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही वर्तमान अपराध प्रवृत्तियों और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति और कार्ययोजना के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस उपायुक्त ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के साथ ही वारंट और एनबीडब्ल्यू की तामीली प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। ऐसे मामलों में शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
गोष्ठी में साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके अलावा संगठित अपराध पर अंकुश लगाने, बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित चेकिंग और प्रभावी गश्त के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने अधिकारियों को जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जाए। सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


