लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- राकेश कुमार
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने 16 सितंबर 2026 को थाना सचेंडी, कल्याणपुर एवं बिल्हौर में अर्दली रूम आयोजित कर लंबित एवं विचाराधीन विवेचनाओं के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
अर्दली रूम के दौरान विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विवेचना के दौरान भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने पर जोर दिया गया।
अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत चिन्हित अपराधियों तथा सांप्रदायिक और माफिया प्रवृत्ति के व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त ने ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पुलिस उपायुक्त ने शराब की दुकानों को निर्धारित समय पर बंद कराने, बैंकों एवं एटीएम की नियमित निगरानी और प्रभावी रात्रि गश्त के निर्देश दिए। इसके अलावा धार्मिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरतने को कहा गया।
रात्रि के समय संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने के साथ ही तीन सवारी के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सतर्कता बनाए रखते हुए अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा।


