RTC योजना के अंतर्गत टेफ्को तिराहा, मर्चेंट चैम्बर, सिल्वर्टन तिराहा, लाल इमली चौराहा एवं परेड चौराहा का हुआ भौतिक निरीक्षण
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार द्वारा सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के अंतर्गत शहर के प्रमुख यातायात स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में टेफ्को तिराहा, मर्चेंट चैम्बर, सिल्वर्टन तिराहा, लाल इमली चौराहा एवं परेड चौराहा शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने यातायात व्यवस्था, सड़क पर वाहनों का दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को निर्देश दिए कि शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अवैध पार्किंग को हटाने, सभी तिराहों एवं चौराहों से कम से कम 100 मीटर के दायरे में ई-रिक्शा एवं ऑटो के खड़े होने पर रोक लगाने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से रुकने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है, जिससे जाम की समस्या में कमी आए और आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके।


