HomeNEWSपुलिस की बड़ी कार्रवाई: मकनपुर ज्वेलरी शॉप चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मकनपुर ज्वेलरी शॉप चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार

सीसीटीवी, फोरेंसिक और सर्विलांस के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस, 300 से अधिक आभूषण समेत शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। थाना अरौल क्षेत्र के मकनपुर में 31 जुलाई 2026 की रात ज्वेलरी शॉप का शटर एवं ताला तोड़कर आभूषण चोरी किए जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना की उसी रात दो-तीन अन्य दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया था। मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक एवं सर्विलांस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीमों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए, सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 10 अगस्त 2026 को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद शरीफ एवं फहीम, जनपद कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सामने आया कि अभियुक्त फहीम पूर्व में मकनपुर में आयोजित उर्स के दौरान दुकान लगाया करता था। इसी दौरान उसने ज्वेलरी शॉप की रेकी की थी। बाद में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

शत-प्रतिशत चोरी का माल बरामद

पुलिस ने मामले में चोरी किए गए माल की 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली है। बरामद सामान में 300 से अधिक आभूषण एवं अन्य सामग्री शामिल हैं। इनमें पायल, पाजेब, अंगूठियां, चांदी के आभूषण तथा चोरी किया गया मोबाइल फोन भी शामिल है।

अन्य चोरी के मामलों से भी जुड़े तार

जांच के दौरान एक अन्य अभियुक्त रवि कुमार की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार रवि कुमार अन्य चोरी के एक मामले में 3 अगस्त 2026 को मैनपुरी से जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध चोरी के कई अभियोग भी पंजीकृत हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों से पूर्व में हुई चोरी की अन्य घटनाओं तथा उनके साथ शामिल रहे अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में अब तक कुल चार अभियुक्तों की भूमिका सामने आई है।

गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments