HomeNEWSपुलिस महानिदेशक यूपीएसएसएफ आलोक सिंह ने एसएसएफ मुख्यालय का किया निरीक्षण

पुलिस महानिदेशक यूपीएसएसएफ आलोक सिंह ने एसएसएफ मुख्यालय का किया निरीक्षण

विशेष सुरक्षा बल के आधुनिक शस्त्रों, बम निरोधक उपकरणों एवं वीवीआईपी सुरक्षा संसाधनों का लिया जायजा, कर्मियों को तकनीकी रूप से अपडेट रहने के दिए निर्देश

  • सौरभ शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) के पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने 32वीं वाहिनी एसएसएफ मुख्यालय, लखनऊ का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष सुरक्षा बल के शस्त्रों, बम निरोधक दस्ते द्वारा उपयोग किए जाने वाले उपकरणों तथा वीवीआईपी सुरक्षा में प्रयुक्त विभिन्न आधुनिक संसाधनों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक ने सुरक्षा व्यवस्था में उपयोग किए जा रहे अत्याधुनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा उनकी उपयोगिता और प्रभावशीलता की समीक्षा की। उन्होंने बल के अधिकारियों एवं कर्मियों को उच्च स्तर की व्यावसायिक दक्षता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

आलोक सिंह ने कहा कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य और तकनीकी चुनौतियों के मद्देनजर सुरक्षा बलों का नवीन तकनीकों एवं आधुनिक उपकरणों की जानकारी से निरंतर अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कर्मियों को नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करने, नई तकनीकों को सीखने तथा अपने कौशल को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विशेष सुरक्षा बल की जिम्मेदारियां अत्यंत संवेदनशील हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को आधुनिक सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्वयं को तैयार रखना चाहिए, जिससे किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

इस अवसर पर डीआईजी एसएसएफ हेमंत कुटियाल, सेनानायक एसएसएफ सर्वानन्द सिंह यादव तथा 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ के सहायक सेनानायक आदित्य कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं तकनीकी संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments