
‘Citizen First, Trust Based और Technology Driven Policing’ पर जोर, शहीद पुलिसकर्मियों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस की वर्दी केवल कानून लागू करने का अधिकार नहीं है, बल्कि यह संविधान, राष्ट्र और जनविश्वास की रक्षा का सार्वजनिक संकल्प है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा
डीजीपी ने उत्तर प्रदेश पुलिस को Citizen First, Trust Based और Technology Driven Policing की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की पुलिसिंग को Smart, Predictive और Intelligent Policing के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
उन्होंने पुलिसिंग में AI, Data Analytics, Cyber Intelligence और Digital Investigation जैसी आधुनिक तकनीकों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक के साथ संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता का समन्वय पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगा।

शहीद निरीक्षक सुनील कुमार के शौर्य को किया नमन
समारोह के दौरान एसटीएफ के वीर निरीक्षक स्वर्गीय सुनील कुमार को अदम्य साहस और कर्तव्य की वेदी पर दिए गए सर्वोच्च बलिदान के लिए मरणोपरांत ‘कीर्ति चक्र’ तथा एक अन्य साहसिक अभियान में असाधारण वीरता के लिए ‘गैलेण्ट्री मेडल’ से सम्मानित किए जाने पर गौरव व्यक्त किया गया। उनके अदम्य साहस और शौर्य को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न पदकों एवं अलंकरणों से सम्मानित पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवारों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
‘वन्दे मातरम्’ की गौरवशाली यात्रा का स्मरण
समारोह में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का भी स्मरण किया गया। इस अवसर पर संकल्प दोहराया गया कि हर घर पर तिरंगा लहराए, हर हृदय में ‘वन्दे मातरम्’ गूंजे और उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रत्येक कदम राष्ट्र, संविधान और जनविश्वास की रक्षा के लिए समर्पित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने उत्तर प्रदेश पुलिस की राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जनविश्वास के प्रति प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित किया।


