
वीर जवानों के परिजनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों का हुआ सम्मान
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। 80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद में देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। फूलबाग स्थित नाना राव पार्क में आयोजित जनपद के मुख्य समारोह में प्रदेश की राज्यमंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग प्रतिभा शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य ज्ञात-अज्ञात क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग एवं सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में कानपुर की धरती और यहां के वीरों का योगदान स्वर्णाक्षरों में अंकित है।
उन्होंने नागरिकों से कर्तव्यबोध के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी को स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए।

समारोह के दौरान वीर जवानों के परिजनों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपना योगदान देने वाले परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कानपुर की धरती का स्वतंत्रता आंदोलन में गौरवशाली योगदान रहा है। स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का भी दिन है।
ध्वजारोहण के उपरांत राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नाना राव पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। सभी ने देश की स्वतंत्रता और रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।


