
स्वदेशी समाज सेवा समिति ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
- अमित कुमार
अहमदाबाद। वरिष्ठ साहित्यकार, ब्लॉगर एवं पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के 49वें जन्मदिन के अवसर पर स्वदेशी समाज सेवा समिति की ओर से अहमदाबाद में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 49 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि भारतीय परंपरा में पेड़-पौधों को परमात्मा का प्रतीक मानकर उनकी पूजा का विधान है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के साथ-साथ इसे जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों से भी जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पौधारोपण कर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।
स्वदेशी समाज सेवा समिति के संस्थापक सचिव विवेक यादव ‘रुद्राक्ष मैन’ ने कृष्ण कुमार यादव को रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि धरती और प्रकृति को सुरक्षित एवं संतुलित रखने के लिए समाज में पौधारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान रुद्राक्ष, गुलमोहर, अमलतास, अशोक, तुलसी, नीम, आम, आंवला, तेजपत्ता, दालचीनी, पान, सिंगोनियम, रजनीगंधा और गंधराज सहित फलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। समिति के सदस्यों ने लगाए गए पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया।
अहमदाबाद मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक शिशिर कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग को कम करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य बनाने का प्रभावी माध्यम है।
रघुनाथ हिंदी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य महेंद्र डी. यादव ने कहा कि जीवन परमात्मा का उपहार है, सेवा सबसे बड़ी उपासना है और प्रकृति की रक्षा आज के समय का सबसे बड़ा धर्म है। सहायक निदेशक अल्पेश शाह ने कहा कि वर्तमान समय में वन क्षेत्र लगातार कम हो रहा है, ऐसे में समाज को इस तरह के आयोजनों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर रितुल गांधी, वारिस व्होरा, बिरंग शाह, जिनेश पटेल, रमेश पटेल, रोनक शाह, विशाल चौहान, सुभाष, जीबी कटारिया सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने पौधारोपण में सहभागिता की।


