HomeNEWSकानपुर में तिरंगे के रंग में रंगेगा शहर, 13 अगस्त को निकलेगी...

कानपुर में तिरंगे के रंग में रंगेगा शहर, 13 अगस्त को निकलेगी 5 हजार की भव्य तिरंगा यात्रा

फूलबाग से घंटाघर तक गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, जेन-जी की भागीदारी पर खास जोर

भाजपा ने कसी कमर, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह होंगे मुख्य अतिथि

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानपुर को तिरंगे के रंग में रंगने और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 13 अगस्त को फूलबाग से घंटाघर तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में पांच हजार से अधिक लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है।

भाजपा जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, तिरंगा यात्रा संयोजक अभिनव दीक्षित एवं जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने यात्रा की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।

जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों के हृदय में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और इसके सम्मान में समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए।

फूलबाग से घंटाघर तक निकलेगी यात्रा

तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को सुबह 11 बजे फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा से प्रारंभ होकर भारत माता प्रतिमा, घंटाघर तक पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से शहरवासियों के बीच राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशसेवा का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

जेन-जी की भागीदारी पर विशेष जोर

इस बार भाजपा ने तिरंगा यात्रा में जेन-जी और युवाओं की भागीदारी को विशेष महत्व दिया है। पार्टी का लक्ष्य है कि बड़ी संख्या में युवा हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हों और नई पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ा जाए।

डॉ. महेंद्र सिंह होंगे मुख्य अतिथि

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शहरवासियों से भी बड़ी संख्या में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता करने का आह्वान किया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य किसी वर्ग या दल तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति के एक सूत्र में जोड़ना है। 13 अगस्त को फूलबाग से घंटाघर तक प्रस्तावित यात्रा कानपुर में देशभक्ति, एकता और जनभागीदारी का संदेश देगी।

प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से सीमा एमबीए, पारस मदान एवं आशीष बाजपेई मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments