NEWSUttar Pradesh

“प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त” — अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर तीखा हमला

अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में “लॉ एंड ऑर्डर को ही गोली मार दी गई है” और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

गोरखपुर में पूर्व पार्षद की दिनदहाड़े हुई हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपाई आस्तीन के अपराधी ही अब भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें खुद भाजपा ने पनपाया है।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा भी पूरी तरह विफल साबित हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर निर्माण में हुए भ्रष्टाचार ने उद्घाटन के कुछ ही दिनों में अपनी पोल खोल दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब भाजपा सरकार खुद पर बुलडोजर चलवाएगी या खुद ही वसूली करेगी।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन समेत कई योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और प्रदेश भ्रष्टाचार के दलदल में फंस गया है।

अंत में उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के दावों को समझ चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का निर्णय लेगी।

Related Articles

Back to top button