HomeNEWSकुलदीप यादव के रिसेप्शन में पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, नवविवाहित जोड़े को...

कुलदीप यादव के रिसेप्शन में पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, नवविवाहित जोड़े को दिया आशीर्वाद

  • अनुराधा सिंह / शालिनी शर्मा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव के रिसेप्शन समारोह में शामिल हुए। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल ‘द सेंट्रम’ में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

गौरतलब है कि कुलदीप यादव ने 14 मार्च को मसूरी में अपनी बचपन की मित्र वंशिका चड्ढा के साथ विवाह किया था। विवाह के बाद लखनऊ में आयोजित रिसेप्शन में कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। मंच पर पहुंचते ही कुलदीप यादव ने मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श किए, वहीं उनकी पत्नी वंशिका ने नमस्कार कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने दोनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और उपहार भी प्रदान किया।

समारोह के दौरान एक रोचक क्षण भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक छोटे बच्चे के साथ स्नेहपूर्वक बातचीत करते हुए उसे चॉकलेट दी। इस दृश्य ने वहां मौजूद सभी लोगों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।

रिसेप्शन में राजनीतिक और खेल जगत की कई हस्तियां मौजूद रहीं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी नवदंपति को शुभकामनाएं देने पहुंचे। इसके अलावा भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, खिलाड़ी युजवेंद्र चहल, तिलक वर्मा, यशस्वी जायसवाल, पूर्व कप्तान शिखर धवन तथा ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी समारोह में शामिल हुए।

बताया जा रहा है कि इस आयोजन में लगभग 900 मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और सभी मेहमानों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।

हाल ही में कुलदीप यादव टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। खिताबी जीत के बाद उन्होंने विवाह कर अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत की है। अब आगामी दिनों में उनका ध्यान आईपीएल 2026 पर रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments