चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप सहगल एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश जगमोहन सिंह को अंगवस्त्र, पटका व माला पहनाकर किया सम्मानित
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रथम कार्यकाल से लेकर अब तक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में ‘प्रबुद्ध जन सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी (अधिवक्ता) ने कानपुर के प्रतिष्ठित चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप सहगल एवं सेवानिवृत्त न्यायाधीश जगमोहन सिंह को उनके निवास पर जाकर सम्मानित किया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने शहर के विख्यात जनरल एवं इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ, आंतरिक चिकित्सा तथा गहन चिकित्सा के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप सहगल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। समाज के प्रबुद्ध एवं विशिष्ट नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और सेवाभाव के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. प्रदीप सहगल का योगदान अत्यंत सराहनीय है। उनकी सेवाओं से न केवल कानपुर बल्कि आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को लाभ मिला है। ऐसे समर्पित और कर्मयोगी व्यक्तित्वों का सम्मान करना समाज और संगठन दोनों के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक मैथानी ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश जगमोहन सिंह को भी पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने न्यायपालिका के प्रति उनकी दीर्घकालिक सेवाओं, निष्पक्ष कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और योगदान से समाज को निरंतर प्रेरणा मिलती रही है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्र और समाज के लिए योगदान देने वाले प्रबुद्ध जनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रतीक है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. प्रदीप सहगल ने विधायक सुरेंद्र मैथानी का आभार व्यक्त किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अजय राय, अरुण शर्मा, दीपक राजपूत, मोहन विश्वकर्मा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


