HomeNEWSराज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अमेठी में पंचायत भवन और आधुनिक लाइब्रेरी का...

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अमेठी में पंचायत भवन और आधुनिक लाइब्रेरी का किया निरीक्षण

ग्राम पंचायत जमालपुर-रामपुर में विकास कार्यों का लिया जायजा, ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की

  • दीक्षा त्रिवेदी

अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार की ग्राम विकास एवं सुशासन की योजनाओं के तहत जनपद अमेठी के विकासखंड बहादुरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत जमालपुर-रामपुर में नवनिर्मित पंचायत भवन एवं आधुनिक लाइब्रेरी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकास कार्यों का जायजा लेते हुए ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पंचायत भवन में संचालित विभिन्न सेवाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ग्रामीणों को सभी शासकीय सुविधाएं समयबद्ध एवं सुगमता से उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

राज्यमंत्री ने नवनिर्मित आधुनिक लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, ज्ञानार्जन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा और उनकी शैक्षिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत जमालपुर-रामपुर का आधुनिक पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए प्रशासनिक सेवाओं का सशक्त केंद्र बनकर उभरा है, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता विकास की रोशनी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेश सरकार गांवों को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments