HomeNEWSफर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, शादी कराने के नाम पर साइबर...

फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, शादी कराने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 23 टेलीकॉलर्स से पूछताछ जारी; मोबाइल, कंप्यूटर और बैंकिंग दस्तावेज बरामद

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। साइबर क्राइम थाना कानपुर नगर की टीम ने शादी कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में कॉल सेंटर से जुड़े 23 टेलीकॉलर्स से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न मैट्रिमोनियल वेबसाइटों से लोगों का डेटा एकत्र करता था। इसके बाद फर्जी महिला प्रोफाइल तैयार कर तथा एआई तकनीक से संपादित तस्वीरों का उपयोग कर लोगों का विश्वास जीतने का प्रयास किया जाता था।

पुलिस के अनुसार महिला टेलीकॉलर्स के माध्यम से संभावित ग्राहकों से संपर्क किया जाता था और विवाह संबंध तय कराने का झांसा देकर उनसे विभिन्न शुल्कों के नाम पर ऑनलाइन धनराशि वसूली जाती थी। गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, कंप्यूटर सिस्टम, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, क्यूआर कोड तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।

साइबर क्राइम थाना पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी के माध्यम से कितनी धनराशि अर्जित की।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मैट्रिमोनियल वेबसाइट, सोशल मीडिया प्रोफाइल अथवा अनजान कॉलर पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें तथा किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले संबंधित व्यक्ति और संस्था की जांच अवश्य कर लें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments