गोविंद नगर समेत कानपुर में बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती और त्वरित सुधार कार्यों का निर्णय
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। कानपुर एवं विशेष रूप से गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे बिजली संकट को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने केस्को मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने केस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन से वार्ता कर जनता को हो रही समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर समय रहते पर्याप्त तैयारियां न होने के कारण जनता को भीषण बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई सब स्टेशनों पर उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं दी जा रही और कर्मचारियों का व्यवहार भी लोगों में नाराजगी पैदा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लू के बीच लोग परेशान हैं तथा छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे समय में लगातार बिजली कटौती लोगों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जनता के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देंगे।
बैठक के दौरान गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित इलाकों को चिन्हित करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय हुआ कि जिन सब स्टेशनों पर अधिक शिकायतें हैं, वहां रात 8 बजे से रात 1 बजे तक अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। ये अधिकारी जनता की शिकायतें सुनेंगे, ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने में सहायता करेंगे तथा समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था करेंगे।
इसके अलावा रिपेयर गैंग को हाथ गाड़ियों की जगह ई-रिक्शा उपलब्ध कराने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा ट्रॉलियों की संख्या में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्थानीय फाल्टों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने और सीयूजीएल गैस लाइन खुदाई से क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों के मामलों में संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही गई।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि पूरे कानपुर में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। वहीं केस्को एमडी नेहा जैन ने भी युद्धस्तर पर कार्य कर बिजली व्यवस्था सुधारने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में अनुपम मिश्रा, दीपक सिंह, पार्षद गुंजन शर्मा, मंडल अध्यक्ष अजय राय, दीपक शुक्ला, राजा पंडित, वेद मिश्रा, मनोज, विक्रांत चौहान, दीपक राजपूत, अरुण दुबे, प्रियंक सिंह, ललित पाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


