HomeNEWSबुढ़वा मंगल को लेकर पनकी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, डीसीपी...

बुढ़वा मंगल को लेकर पनकी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, डीसीपी पश्चिम ने दिए सतर्कता के निर्देश

बुढ़वा मंगल पर पनकी मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी पश्चिम ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। बुढ़वा मंगल पर्व के मद्देनजर पनकी मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार, 21 सितंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने पनकी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान 22 सितंबर को बुढ़वा मंगल पर्व के अवसर पर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और आपातकालीन इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इसके बाद डीसीपी पश्चिम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी कवरेज भी जांची गई। अधिकारियों ने उन्हें पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।

ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए डीसीपी पश्चिम ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहें। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ का सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिसकर्मियों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के लिए भी कहा गया। किसी भी आकस्मिक स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए गए।

डीसीपी पश्चिम ने इस दौरान स्थानीय लोगों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और मौके पर मौजूद नागरिकों से भी संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याओं और सुझावों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन की ओर से बुढ़वा मंगल पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण और बैठक के दौरान पश्चिम जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त तथा संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments