‘एक पेड़ माँ के नाम’ और डिजिटल लर्निंग अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की बनी रणनीति
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले की मासिक बैठक नवीन मार्केट स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। विशेष रूप से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद वृक्षारोपण अभियान तथा डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान को प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान पूर्व में संचालित संगठनात्मक अभियानों की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति का आकलन किया गया। जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पदाधिकारियों से संगठन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता एवं समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभियान संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने का माध्यम है, इसलिए सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।
बैठक में प्रमुख रूप से जन्मेजय सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, शिवांग मिश्रा, नवाब सिंह, सीमा, सत्यम गुप्ता, पारस मदान, सुरेंद्र गुप्ता, रामजी गुप्ता, रीता पासवान, जीतू कश्यप, प्रशांत त्रिपाठी, मोनेन्द्र राजपूत, रमिंदर सिंह, आशीष बाजपेई सहित मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।


