
28 सर्किलों के साथ रणनीतिक समीक्षा बैठक में नेटवर्क विस्तार, 22 हजार नए 4जी साइट्स और ग्राहक सेवाओं को बेहतर बनाने पर हुआ मंथन
- सोनिया सिंह
नई दिल्ली। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए परिचालन राजस्व में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी का परिचालन राजस्व बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 4,017 करोड़ रुपये था। यह जानकारी केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीएसएनएल के सभी 28 सर्किलों के साथ आयोजित रणनीतिक समीक्षा एवं योजना बैठक के दौरान दी।
बैठक में बीएसएनएल के तीन प्रमुख व्यवसाय वर्ग—कंज्यूमर फिक्स्ड एक्सेस (CFA), एंटरप्राइज बिजनेस (EB) और कंज्यूमर मोबिलिटी (CM)—के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें एंटरप्राइज बिजनेस ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 19.2 प्रतिशत राजस्व वृद्धि दर्ज की। वहीं कंपनी का औसत प्रति उपभोक्ता राजस्व (ARPU) बढ़कर 102.7 रुपये हो गया है, जो ग्राहक सेवाओं और नेटवर्क पर बढ़ते भरोसे का संकेत माना जा रहा है।
समीक्षा बैठक में नेटवर्क की गुणवत्ता और ग्राहक अनुभव को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को OLT (ऑप्टिकल लाइन टर्मिनल) एवं BTS (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) की अपटाइम बढ़ाने, नेटवर्क खराबी के समाधान में लगने वाला समय (MTTR) कम करने तथा प्रत्येक ग्राहक संपर्क केंद्र पर सर्विस एक्सीलेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि बीएसएनएल का लक्ष्य केवल राजस्व वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को विश्वसनीय, तेज और गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कंपनी लगातार अपने नेटवर्क को मजबूत कर रही है और देशभर में 22 हजार नए 4जी साइट्स स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक खरीद आदेश भी जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करने में बीएसएनएल की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक तकनीक, मजबूत नेटवर्क और उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के माध्यम से कंपनी दूरसंचार क्षेत्र में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से सेवा गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के आगामी लक्ष्यों, नेटवर्क विस्तार, डिजिटल सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा ग्राहक संतुष्टि बढ़ाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बीएसएनएल प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि पहली तिमाही के सकारात्मक परिणामों के बाद आगामी तिमाहियों में भी कंपनी बेहतर प्रदर्शन जारी रखेगी और देशभर में मजबूत एवं भरोसेमंद दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।


