भाजपा कानपुर उत्तर में नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों का भव्य स्वागत, संगठन विस्तार पर जोर

- रूचि दुबे
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के कानपुर उत्तर जिले में नव नियुक्त मंडल अध्यक्षों का जिला कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कल्याणपुर मंडल के अध्यक्ष राजेश तिवारी, गीतनगर के अखंड प्रताप सिंह और रायपुरवा के अनंत मिश्र का स्वागत जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित द्वारा किया गया। उन्हें तिलक लगाकर, पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि सभी नव नियुक्त पदाधिकारी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं, जिससे पार्टी को पुनः जीत दिलाकर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और सुरक्षा का संकल्प और सशक्त हो सके।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जानकारी दी कि कानपुर उत्तर के कुल 14 मंडलों में से 11 मंडल अध्यक्ष पहले ही घोषित किए जा चुके थे, जबकि शेष तीन मंडलों के अध्यक्षों की घोषणा हाल ही में की गई। इन्हीं नव नियुक्त अध्यक्षों के स्वागत हेतु यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, सीमा एमबीए, जन्मेजय सिंह, सुनीता गौड़, प्रशांत त्रिपाठी, मुनेंद्र राजपूत, सुरेंद्र गुप्ता और अंशु ठाकुर सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



