NEWSUttar Pradesh

भाजपा जनता को धोखा दे रही, बुनियादी सुविधाओं पर नहीं कर रही काम: अखिलेश यादव

  • अखिलेश अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता को धोखा दे रही है और बुनियादी सुविधाओं पर काम नहीं कर रही। शनिवार को कन्नौज के एक दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली सस्ती नहीं की जा रही, इलाज महंगा है और मेडिकल कॉलेज तथा कैंसर संस्थानों की सुविधाएं पर्याप्त नहीं बढ़ाई गई हैं।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कैंसर और हार्ट के मरीजों के लिए समुचित इलाज उपलब्ध नहीं है और दवा व उपचार बेहद महंगा हो गया है, जिसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार के समय कन्नौज में स्थापित काऊ मिल्क प्लांट को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया, जिससे शुद्ध दूध उत्पादन की योजना प्रभावित हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कारण कन्नौज का विकास रुक गया है और आलू किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि किसान एमएसपी की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी हालत खराब है, वहीं नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार की व्यापार नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि फ्री ट्रेड समझौतों और विदेशी कंपनियों के बढ़ते प्रभाव से देश का बाजार प्रभावित हो रहा है। उनके अनुसार सरकार बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय केवल नारों की राजनीति कर रही है।

एसआईआर को लेकर भी सपा प्रमुख ने भाजपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वोट कटवाने की कोशिश की जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि निवेश के दावों के बावजूद जमीन पर कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा। यदि निवेश वास्तव में आया होता तो मोबाइल और उससे जुड़े उपकरण प्रदेश में ही बन रहे होते।

जेपीएनआईसी को लेकर उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बदलाव का संकेत मिल रहा है और समाजवादी सरकार में शुरू की गई परियोजनाएं अब फिर खुलने लगी हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया में युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है और समाजवादी विचारधारा हमेशा शांति के पक्ष में रही है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके खिलाफ झूठा प्रचार किया और उनकी सरकार को परेशान किया। उन्होंने इसे नैतिकता के खिलाफ बताया।

Related Articles

Back to top button