भाजपा झूठे प्रचार और फर्जी एमओयू पर चलने वाली पार्टी: अखिलेश यादव

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख ने सरकार पर साधा निशाना, एमओयू की जांच और जनहित के मुद्दों को उठाया
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री, ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा झूठे प्रचार और इवेंट आधारित राजनीति करने वाली पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को भ्रमित करने के लिए सरकार कंपनियों के साथ फर्जी एमओयू करती है, जिनका कोई ठोस वित्तीय आधार नहीं होता।
बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में हुए एक एमओयू से सरकार की सच्चाई सामने आ गई है। समाजवादी पार्टी प्रदेश में हुए सभी एमओयू की जांच की मांग करती है ताकि वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके।
उन्होंने भाजपा पर प्रोपेगेंडा की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के मंत्री केवल प्रचार में लगे हैं और जनता के वास्तविक मुद्दों से दूरी बनाए हुए हैं। रसोई गैस और पेट्रोल जैसी मूलभूत जरूरतों को लेकर उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के बजाय सरकार ने केवल परेशानियां बढ़ाई हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के फैसलों के कारण लोगों को हर जगह लाइन में लगना पड़ रहा है, लेकिन अब जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को समाजवादी पार्टी की ताकत बताते हुए कहा कि इन वर्गों को जोड़कर आगे बढ़ाया जाएगा।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर उन्होंने कहा कि न केंद्र और न ही प्रदेश सरकार ने इस क्षेत्र में कोई ठोस पहल की है। सपा सरकार बनने पर एआई का उपयोग किसानों, खेती और जनकल्याण के लिए किया जाएगा, जिससे समय पर पूर्वानुमान और बेहतर फैसले लिए जा सकें।
उन्होंने भाजपा पर विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह नकारात्मक सोच वाली पार्टी है और जनता को इससे सावधान रहने की जरूरत है। साथ ही एलपीजी सिलेंडर की समस्या, महंगाई और जनसुविधाओं की कमी को लेकर भी सरकार को घेरा।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आरक्षण में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी वर्ग की महिलाओं को भी उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।
इसके अलावा दादरी में होने वाली समाजवादी पार्टी की रैली को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में उस क्षेत्र से बेहतर परिणाम आएंगे।
वैश्विक मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत के पास विश्व स्तर पर नेतृत्व करने का अवसर था, लेकिन वर्तमान सरकार उसे भुनाने में असफल रही।
इस दौरान उन्होंने श्रीमती रुक्मिणी देवी निषाद को समाजवादी महिला सभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी स्वागत किया और कहा कि पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। सपा सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन, छात्राओं को लैपटॉप और महिलाओं के लिए ‘महिला समृद्धि सम्मान योजना’ जैसी योजनाएं लागू की जाएंगी।



