शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर निर्माण कार्यों तक भ्रष्टाचार का बोलबाला, कमीशनखोरी चरम पर : सपा सांसद
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी की मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने दस वर्षों में पूरे सिस्टम को भ्रष्ट बना दिया है। शिक्षा-परीक्षा, निर्माण कार्यों से लेकर हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, प्राइमरी स्कूल बंद हो रहे हैं तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निजीकरण तेजी से बढ़ रहा है। निर्माण कार्यों में बजट की लूट और कमीशनखोरी चरम पर है।
बुधवार को संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि अभी नए बने जेवर एयरपोर्ट पर पानी भर गया है। वहीं हाल ही में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और उद्घाटन के बाद ही सड़क टूट गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कोई भी काम मानकों के अनुसार नहीं हो रहा है और हर काम में भारी भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा है।
डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने विश्वविद्यालयों और विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों में आरएसएस से जुड़े लोगों को वाइस चांसलर बनाकर बैठाया गया है। सरकार जनता के सवालों का सामना नहीं कर पा रही है और जवाबदेही से बच रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग सनातन और आस्था की बात करते थे, लेकिन अब आस्था में भी चोरी का मामला सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर से चढ़ावा चोरी हो गया। सरकार को इस पूरे मामले पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।


