भाजपा सरकार पर अखिलेश यादव का हमला, बोले— प्रदेश में माफियाओं को मिल रहा संरक्षण

अवैध खनन, वनों की कटाई और लखनऊ की बदहाल व्यवस्था को लेकर साधा निशाना
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री, ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जितने भी माफिया हैं, वे भाजपा से जुड़े हुए हैं और सरकार उन्हें बचाने का काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में हर क्षेत्र में माफियाओं का बोलबाला हो गया है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर अवैध खनन और वनों की कटाई हो रही है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जंगलों में अवैध खनन के कारण जंगली जानवर अब रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और प्रदेश में भेदभाव एवं अन्याय जारी रहेगा।
अखिलेश यादव ने लखनऊ की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी होने के बावजूद शहर में यातायात व्यवस्था ध्वस्त है और जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी न केवल भाजपा को हटाएगी, बल्कि शहर से कूड़ा भी हटाएगी।
इसके अलावा ग्रीन कॉरिडोर परियोजना को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि इसकी डिजाइन त्रुटिपूर्ण है और लगभग सात हजार करोड़ रुपये की लागत में इससे बेहतर सड़क निर्माण संभव था।
उन्होंने वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के परिवार के साथ हो रहे कथित अन्याय का मुद्दा भी उठाया और इसे सरकार की भेदभावपूर्ण नीति का उदाहरण बताया।



