खेल, कला, साहित्य और शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का हुआ अभिनंदन
- श्रद्धा चौबे
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में नवप्रयाग सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में खेल, कला, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले 591 प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत के युवा अपनी योग्यता, प्रतिभा और बुद्धिमत्ता के बल पर पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और नवाचार राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि परिश्रम, संस्कार, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल, कला, साहित्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे सम्मान समारोह युवाओं का उत्साहवर्धन करने के साथ उन्हें नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।:


