पत्रकारिता में पारदर्शिता, सटीकता और गंभीरता को बताया जरूरी, बोलीं- इन मूल्यों से खबरों की सार्थकता और प्रभावशीलता बढ़ती है
- रचना सिंह
बीकानेर। मरुधरा प्रेस क्लब, बीकानेर के लोगो-स्टीकर का विमोचन महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की इतिहास विभागाध्यक्ष, साहित्यकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रो. डॉ. मेघना शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पत्रकारिता में पारदर्शिता, सटीकता और गंभीरता जैसे महत्वपूर्ण तत्वों का होना बेहद आवश्यक है।
डॉ. मेघना शर्मा ने अपने पत्रकारिता से जुड़े अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जब खबरों में पारदर्शिता, तथ्यात्मक सटीकता और गंभीरता को प्राथमिकता दी जाती है, तो उनकी सार्थकता और प्रभावशीलता में सकारात्मक वृद्धि होती है। पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए इन मूल्यों को अपनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचनाएं पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों और जनसरोकारों को भी मजबूती से उठाया जा सकता है।
विमोचन कार्यक्रम में मरुधरा प्रेस क्लब के अध्यक्ष जय सिंह चौहान एवं कोषाध्यक्ष यतेंद्र चड्ढा उपस्थित रहे। इस दौरान क्लब की संगठनात्मक पहचान, पत्रकारों की एकजुटता और पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि मरुधरा प्रेस क्लब पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के उद्देश्य से सामूहिक रूप से कार्य कर रहा है। क्लब के लोगो-स्टीकर का विमोचन संगठन की पहचान को प्रभावी बनाने के साथ ही पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और एकजुटता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


