गूगल मीट के माध्यम से शिकायतों की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
- मोहित कुमार
महोबा। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने पुलिस कार्यालय महोबा से गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित कर फरियादियों की शिकायतों की समीक्षा की। जनसुनवाई में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों का गंभीरता से परीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनके त्वरित समाधान पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान एसपी शशांक सिंह ने प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी संबंधित थाना प्रभारियों से ली और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अनुसरण किया जाए तथा पीड़ितों को नियमानुसार त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।


