
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन, जनसभा में जीत का किया दावा
- नरेश राठौर
दतिया (मध्य प्रदेश)। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर आयोजित नामांकन रैली एवं विशाल जनसभा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह तथा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
नामांकन से पूर्व आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया और पार्टी प्रत्याशी की जीत का विश्वास जताया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, कैबिनेट मंत्री एंदल सिंह कंसाना, नारायण सिंह कुशवाह, राकेश शुक्ला, सांसद संध्या राय एवं शिवमंगल तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, जिला अध्यक्ष रघुबीर कुशवाह, पूर्व मंत्री इमरती देवी, ग्वालियर जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया, ग्वालियर ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में दतिया कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में पार्टी नेताओं ने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए विकास और सुशासन के मुद्दों को प्रमुखता से रखा।


