HomeNEWSमहोबा में मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, डीएम ने दिए उज्ज्वल भविष्य...

महोबा में मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, डीएम ने दिए उज्ज्वल भविष्य के शुभकामना संदेश

बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान

  • प्रतीक कुमार

महोबा। माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा केंद्र एवं राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण महोबा कलेक्ट्रेट सभागार में कराया गया। लोक भवन, लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न बोर्डों के शीर्ष 10 मेधावी छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।

इसके उपरांत महोबा में आयोजित जनपद स्तरीय सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट वर्ष 2026 की परीक्षा में जनपद स्तर पर शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र तथा 21 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। प्रोत्साहन राशि विद्यार्थियों के बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की गई।

जिलाधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर विद्यार्थी जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित कर उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments