HomeNEWSसुगम यातायात व्यवस्था के लिए सड़कों पर उतरे डीसीपी ट्रैफिक, प्रमुख चौराहों...

सुगम यातायात व्यवस्था के लिए सड़कों पर उतरे डीसीपी ट्रैफिक, प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण

“रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) योजना” के तहत चेतना, बड़ा चौराहा, टेफ्को तिराहा और कंपनीबाग चौराहे का निरीक्षण, चोक प्वाइंट्स हटाकर यात्रा समय कम करने पर जोर

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। शहर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने सोमवार को “रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) योजना” के अंतर्गत चेतना चौराहा, बड़ा चौराहा, टेफ्को तिराहा एवं कंपनीबाग चौराहे का भौतिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने यातायात संचालन, सड़कों पर वाहनों के दबाव, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात प्रबंधन की स्थिति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने यातायात को प्रभावित करने वाले विभिन्न कारणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ई-रिक्शा, ई-ऑटो और टेम्पो चालकों को निर्देशित किया गया कि वे प्रमुख चौराहों और तिराहों से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर ही सवारियों को बैठाएं और उतारें। साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से रुकने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

डीसीपी ट्रैफिक ने संबंधित अधिकारियों और यातायात कर्मियों को निर्देशित किया कि चिन्हित चोक प्वाइंट्स (Choke Points) की पहचान कर उनके कारणों को तत्काल दूर किया जाए, जिससे शहरवासियों के यात्रा समय में कमी लाई जा सके और यातायात का प्रवाह बेहतर बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और यातायात कर्मियों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।

रवीन्द्र कुमार ने बताया कि “रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) योजना” का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि शहर में यातायात जाम की समस्या को कम किया जा सके और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments