शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल, एडीएम आलोक कुमार गुप्ता व केस्को एमडी नेहा जैन ने किया साइकिल वितरण
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। मां योग कृपा सेवा समिति की ओर से सोमवार को साकेत नगर स्थित गहोई भवन में जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 51 विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कर उनकी शिक्षा की राह को आसान बनाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार गुप्ता एवं केस्को की प्रबंध निदेशक (एमडी) नेहा जैन ने विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर डॉ. गौरव चावला एवं डॉ. एच.एस. चावला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें नियमित रूप से शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित करना है। साइकिल मिलने पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र बाजपेयी, सचिव सारिका श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष बीना गुप्ता, अलका, सोनाली त्रिवेदी, आशु त्रिवेदी, नम्रता कपूर, सोनी सक्सेना, पुष्प शुक्ला, प्रतिभा श्रीवास्तव, रजनी, पुष्पा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


