HomeNEWSजीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट' अभियान को लेकर डीसीपी ट्रैफिक की समीक्षा बैठक, सड़क...

जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट’ अभियान को लेकर डीसीपी ट्रैफिक की समीक्षा बैठक, सड़क हादसे रोकने पर जोर

ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष निगरानी, हेलमेट-सीट बेल्ट अभियान तेज करने और जनजागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। जनपद को ‘जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट (Zero Fatality District-ZFD)’ के रूप में विकसित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से रविवार को यातायात भवन में पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन डीजी परिपत्र संख्या-42/25 के अनुपालन में किया गया।

बैठक में जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विश्लेषण करते हुए उनके कारणों, परिस्थितियों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की गहन समीक्षा की गई। पुलिस उपायुक्त ने ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष निगरानी, प्रभावी यातायात प्रवर्तन तथा आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना केवल प्रवर्तन का विषय नहीं, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को समन्वित और उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली अपनानी होगी, ताकि दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जीरो फैटालिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ हासिल किया जाए और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनपद में सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments