सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चला जागरूकता अभियान, पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत कमिश्नरेट कानपुर नगर के सेंट्रल जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच, ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने और अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की।
जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित वातावरण के लिए पुलिस के साथ सहयोग करने का संदेश दिया गया।


